जांजगीर-चाम्पा जिले के चाम्पा नगर में आज एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। परशुराम चौक स्थित भाले राव स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन में अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान 210 मतांतरित परिवारों की विधिवत घर वापसी कराई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन कर, परिवारों के पैर धोकर उन्हें धार्मिक ग्रंथ भेंट किए गए। घर वापसी करने वाले परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सनातन धर्म में लौटने पर खुशी जाहिर की।
सम्मेलन का उद्देश्य जात-पात में बंटे हिंदुओं को एकजुट कर सनातन धर्म की ओर वापसी के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में धर्म जागरण से जुड़े अखिल भारतीय पदाधिकारी, ज्योतिष रत्न सहित अन्य वक्ताओं ने हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों और सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने अपील की कि कोई भी परिवार प्रलोभन या बहकावे में आकर अपना धर्म न बदले और अपनी देवी-देवताओं व परंपराओं से जुड़े रहें।
घर वापसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि देश में धर्म परिवर्तन कराने की गतिविधियां बढ़ी हैं। पहले भय दिखाकर और अब प्रार्थना सभाओं के माध्यम से प्रलोभन देकर भोले-भाले लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विषय में राज्य सरकार से कड़े कानून बनाने को लेकर चर्चा हुई है और आगामी सत्र में धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त प्रावधान लागू होने की उम्मीद है, जिससे हिंदू समाज सुरक्षित रहेगा।
सम्मेलन में शामिल होकर घर वापसी करने वाले परिवारों ने कहा कि वे अब किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आएंगे और सनातन धर्म के मार्ग पर चलेंगे। वहीं हिंदू धर्म जागरण संगठन ने भविष्य में नगर, जिला और प्रदेश स्तर पर ऐसे सम्मेलन आयोजित करने, गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक मतांतरित परिवारों की घर वापसी कराने की योजना की घोषणा की।



