खत्म होगी सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल: सीएम साय बोले- स्ट्राइक होगी खत्म, किसी को नहीं आएगी कोई दिक्कत
जगदलपुर। सहकारी समिति और विपणन संघ के कर्मचारियों की हड़ताल जल्द खत्म होने वाली है। शनिवार को सीएम विष्णुदेव साय ने इसके संकेत देते हुए कहा कि, पूरे देश में धान खरीदी की सबसे बढ़िया व्यवस्था छत्तीसगढ़ में है। मैं सभी लोगों को कहना चाहुंगा कि, हड़ताल भी खत्म होगी और किसी को कोई भी दिक्कत नहीं आएगी। किसानों का एक एक दाना सरकार खरीदेगी।
आपको बता दें कि, छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। सीएम विष्णु देव साय ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव बताते हुए कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि धान खरीदी की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली गई हैं और प्रदेश के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।



