जांजगीर-चांपा : 331 सिविल डिफेन्स वालंटियर्स को मिला आपदा प्रबंधन व फायर फाइटिंग का प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आज एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 331 सिविल डिफेन्स वालंटियर्स ने हिस्सा लिया और आपदा के समय उनकी भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय नवा रायपुर के निर्देशानुसार नगर सेना लाइन जांजगीर में तीन पाली में एक दिवसीय जन जागृति प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
TOT प्रशिक्षित अधिनायकों ने वालंटियर्स को सिविल डिफेन्स की जानकारी देते हुए नागरिक सुरक्षा, हवाई हमले, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन स्थिति से निपटने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही सिविल डिफेन्स की 12 प्रकार की सेवाओं और होमगार्ड की जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी सुश्री योग्यता साहू ने फायर फाइटिंग पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में फायर ट्राएंगल, आग के प्रकार, फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और अग्निशमन तकनीकों को समझाया गया। कार्यक्रम के अंत में आग बुझाने का मॉकड्रिल भी किया गया।
इस प्रशिक्षण में कुल 331 पुरुष और महिला वालंटियर्स ने सफलता पूर्वक हिस्सा लिया। इस अवसर पर सहायक ग्रेड-03 श्रीमती रूपाली गुप्ता, हवलदार विसंभर राठौर, नायक विवेकानंद गोस्वामी तथा नगर सेना एवं अग्निशमन विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।



