पुजारी की हत्या का खुलासा : अवैध संबंध के चलते की गई निर्मम हत्या, 12 घंटे में ही एक नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
तखतपुर। बिलासपुर के तखतपुर में परसाकापा स्थित पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने हत्या में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। हत्या का मुख्य कारण पुजारी और आरोपी की पत्नी के बीच अवैध संबंध बताया जा रहा है।
पुलिस ने शुरुआती जांच में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और आरोपियों की पहचान में जुट गई। मामले में जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी के साथ मृतक पुजारी का अवैध संबंध था। मंदिर के सामने खेत में अधिया खेती के दौरान आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी के साथ उसका अवैध संबंध हो गया था। इससे आरोपी और उसकी पत्नी का 6 महीने पहले सामाजिक तलाक हो गया था। आरोपी को मृतक से इसी अवैध संबंध के कारण बैर था।



