युवाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने सरकार की प्राथमिकता….
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक के तहत नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली शक्ति है।” उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, एम्स, ट्रिपल आईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे शीर्ष संस्थानों में छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली में ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें बढ़ाकर 200 की गई हैं। साथ ही नालंदा परिसर जैसी पहलें शांत वातावरण में अध्ययन के लिए बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में भी संभव है और प्राथमिक स्तर पर गोंडी, हल्बी जैसी मातृभाषाओं में शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सेमीकंडक्टर और एआई डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं युवाओं को रोजगार देंगी।
सुशासन तिहार की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक डेढ़ साल में 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिला है। डिजिटाइजेशन और ई-फाइल प्रणाली से शासन को पारदर्शी बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री किरण देव, श्री मोतीलाल साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



