अनियंत्रित बस मेडिकल स्टोर में घुसी, स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल, मंत्री टंकाराम वर्मा मौके पर पहुंचे
बलौदा बाजार:- जिले में तेज़ रफ्तार बस ने मेडिकल स्टोर का शटर तोड़ते हुए भीतर रखी सभी दवाइयों को तहस-नहस कर दिया। उसी वक्त एक स्कूटी सवार युवक बस की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। भारी भीड़ को देखते हुए बलौदा बाजार पुलिस की अतिरिक्त टीम भी तैनात की गई है।
घटनास्थल पर राज्य के राजस्व मंत्री और बलौदा बाजार विधायक टंकाराम वर्मा भी पहुंचे। वे अपने दौरे से लौट रहे थे जब उन्हें हादसे की जानकारी मिली। मंत्री वर्मा ने मौके का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही का नतीजा था या बस में तकनीकी खराबी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि अंबेडकर चौक जैसे व्यस्त इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



