जांजगीर चांपा में डीजल चोर गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार स्कॉर्पियो वाहन और 60 लीटर डीजल बरामद।
जांजगीर-चांपा जिले की थाना चांपा क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से डीजल और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से मौका पाकर डीजल चोरी करते थे। दिनांक 23 अप्रैल को महामाया मोटर्स शो रूम के सामने खड़े दो ट्रेलर से लगभग 450 लीटर डीजल चोरी की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बलौदा क्षेत्र के बगडबरी गांव निवासी शुभम कुमार कुर्रे, अनुज कुमार रात्रे और डेविड कमांड्रा को पकड़ा। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG-12-BK-8350) और चोरी का 60 लीटर डीजल बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।



