शेयर मार्केट में 8.45 करोड़ की ठगी: पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा कार समेत कई दस्तावेज बरामद।
जांजगीर-चांपा/ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 3 महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं।
चांपा पुलिस के अनुसार भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष) ने 30 जनवरी को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। की वर्ष 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से पहचान हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज का लालच दिया और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का झांसा दिया।
जिसके झांसे में आकर भूधर प्रसाद देवांगन सहित अन्य लोगों ने नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से कुल 8.45 करोड़ रुपए निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ महीनों तक 5 प्रतिशत ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में कंपनी में घाटा बताकर भुगतान बंद कर दिया गया और पैसे लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा।
मामले में थाना चांपा में धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी विश्वजीत देबनाथ को ईटला पोड़ा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने निवेश की रकम से क्रेटा कार खरीदी, सोना खरीदा, घर का रंग-रोगन कराया और बैंक में सोना जमा करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है।



