JSW प्लांट से 7.5 किलो तांबा तार चोरी, सिक्योरिटी गार्ड ही निकला आरोपी; पुलिस ने किया गिरफ्तार..
जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र स्थित JSW प्लांट नरियरा में तांबा तार चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए प्लांट में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया 7.5 किलो तांबा तार बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, JSW नरियरा के साइड मैनेजर अनिल कुमार रेड्डी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई की रात पेट्रोलिंग के दौरान सेपको क्रेन एरिया में रखा करीब 7.5 किलो तांबा तार गायब मिला। जांच के दौरान ड्यूटी पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड आशाराम नारंगे पर संदेह होने पर थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी आशाराम नारंगे (29), निवासी डोंगाकोहरौद, से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने तांबा तार ग्राम नरियरा के एक कुएं के पास छिपाकर रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा तांबा तार बरामद कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, उपनिरीक्षक हेमलाल महिलांगे और मुलमुला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



