11वीं कक्षा के छात्र ने छात्रावास में लगाई फांसी, जांच में जुटा प्रशासन
कोंडागांव। जिले के फरसगांव नगर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब कक्षा दसवीं का एक छात्र फांसी के फंदे पर झूलता मिला।
मृतक छात्र की पहचान ग्राम लंजोडा सल्पी पदर निवासी यशवंत मरकाम पिता सुखलाल मरकाम के रूप में हुई है। सुबह करीब 7 बजे मैदान में खेल रहे बच्चों ने छात्र को हॉस्टल रूम की खिड़की की लोहे की रेलिंग पर लटका हुआ देखा। बच्चों ने तत्काल इसकी जानकारी हॉस्टल अधीक्षक और शिक्षकों को दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई।
सूचना पर फरसगांव थाना प्रभारी संजय सिंदे मौके पर पहुंचे और मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि छात्र ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है, आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी एसडीएम फरसगांव अश्वन पूसाम ने जिला प्रशासन को दे दी है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि आखिर छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं तहसीलदार और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
लोगों ने सुझाव दिया है कि आश्रम छात्रावासों में समय-समय पर काउंसलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही हर छात्रावास में सुझाव एवं शिकायत पेटी लगाई जाए, जिसकी चाबी सीधे जिला प्रशासन के पास हो। इससे छात्र-छात्राएं अपनी समस्या और परेशानी बेखौफ लिखकर उसमें डाल सकें।



