विराट कोहली के शतक से चूकने पर युवराज सिंह का रिएक्शन वायरल; जब जरूरत होती है तो…
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत में अहम भूमिका विराट कोहली ने निभाई। हालांकि वह अपने 54वें वनडे और 85वें इंटरनेशनल शतक से चूक गए। कोहली वड़ोदरा वनडे में 93 के निजी स्कोर पर आउट हुए। कोहली का विकेट गिरने के बाद मैदान पर सन्नाटा छा गया था, वहीं जो फैंस टीवी पर इस मैच को लाइव देख रहे थे उनका भी दिल टूटा होगा। इस लिस्ट में टीम इंडिया के पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह का भी नाम शामिल है। IND vs NZ पहला वनडे खत्म होने के बाद युवराज सिंह ने विराट कोहली को लेकर इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी डाली और शतक से चूकने पर उन्हें बदकिस्मत बताया।
युवराज सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘बहुत बढ़िया खेला किंग कोहली, हमेशा मज़बूती से खड़े रहते हैं और जब ज़रूरत होती है तो अच्छा करते हैं! बदकिस्मती से सेंचुरी से चूक गए – इसके हर हिस्से के हकदार थे!’
वनडे क्रिकेट में यह 7वां मौका था जब विराट कोहली नर्वस 90 में आउट हुए हो। दो-दो बार वह वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ तो एक बार बांग्लादेश के खिलाफ 90 से अधिक रन बनाकर शतक से चूके हैं।
हालांकि विराट कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28 हजार रन का आंकड़ा छुआ, वहीं वह अब क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में श्रीलंका के लीजेंड कुमार संगाकारा को पछाड़ा है।
विराट कोहली को उनकी 93 रनों की मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। यह वनडे में उनका 45वां तो इंटरनेशनल क्रिकेट में 71वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड था।
सभी फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने के मामले में विराट कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। सचिन अपने करियर में 76 बार प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।



