किसे होना चाहिए T20 में टीम इंडिया का अगला कप्तान? रवि शास्त्री ने सुझाया नाम, बताई वजह
भारतीय क्रिकेट टीम के नए टी20 कप्तान को लेकर भी चर्चा जारी है, क्योंकि एक रिपोर्ट के अनुसार सूर्यकुमार यादव के व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें कप्तानी से हटाए जाने पर विचार चल रहा है. नए टी20 कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन मजबूत दावेदार नजर आ रहे हैं. इस बीच पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने ICC रिव्यू में संजू को कप्तान बनाए जाने की पैरवी की.
रवि शास्त्री का मानना है कि संजू सैमसन में काबिलियत तो शुरुआत से थी, लेकिन पिछले कुछ समय से वह शानदार फॉर्म हैं और आने वाले 2-3 सालों में वह और भी शानदार खेल दिखाएंगे. पूर्व क्रिकेटर उन्हें टी20 में कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार मानते हैं क्योंकि वह कई सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए कप्तानी भी कर चुके हैं.
क्या बोले रवि शास्त्री
आईसीसी रिव्यू में संजना गणेशन से बात करते हुए शास्त्री ने कहा, “अगले टी20 वर्ल्ड कप (2028) तक भारत शायद नए कप्तान की तलाश में हो, ये इस बात पर भी निर्भर करेगा कि सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन कैसा रहता है. लेकिन संजू सैमसन ने खुद को कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में पेश किया है, वह राजस्थान रॉयल्स की भी कमान संभाल चुके हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “टीम में संजू की जगह पक्की है. वह बैटिंग ऑर्डर में सबसे ऊपर आते हैं और बेहद आक्रामक बल्लेबाज हैं, इसलिए मुझे लगता है कि यह तो बस शुरुआत है और अगले 2-3 सालों में आप संजू से और भी बहुत कुछ देखने वाले हैं.”
रवि शास्त्री को नहीं लगता कि संजू सैमसन की निरंतरता (consistency) अब कोई मुद्दा है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि सैमसन ने उन सभी सवालों को खत्म कर दिया है. काबिलियत तो उनमें शुरुआत से थी. फैंस इसलिए निराश होते थे क्योंकि वह अपनी उस काबिलियत के साथ पूरा न्याय नहीं कर पाते थे.”
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद IPL के इस सीजन वह जिस तरह खेल रहे हैं, वह कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार बन गए हैं. उन्होंने कहा, IPL में जिस तरह की परिपक्वता वह दिखा रहे हैं, उसे देखते हुए मेरा मानना है कि संजू सैमसन भविष्य में कप्तानी के लिए एक मजबूत और स्पष्ट दावेदार बन गए हैं.”



