43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए फाइनल सिलेक्शन ट्रायल कल, जांजगीर में होगा खिलाड़ियों का कड़ा टेस्ट…
छत्तीसगढ़ की महिला एवं पुरुष नेटबॉल टीम के चयन को लेकर अहम दिन कल जांजगीर में होने जा रहा है। 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप 2025–26 के लिए फाइनल सिलेक्शन ट्रायल का आयोजन 08 जनवरी 2026 को जांजगीर के खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 11 से 14 जनवरी तक हैदराबाद में आयोजित होगी।
यह ट्रायल नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजेश राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 15वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 6 और 7 दिसंबर को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में किया गया था। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पुरुष वर्ग की 16 और महिला वर्ग की 12 टीमों ने भाग लिया था।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद चयनित 15 पुरुष और 16 महिला खिलाड़ियों का विशेष कोचिंग कैंप 21 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक जांजगीर-चांपा के खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। अब इसी कैंप के समापन के बाद खिलाड़ियों का अंतिम चयन ट्रायल लिया जाएगा।
फाइनल सिलेक्शन ट्रायल सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें खिलाड़ियों की फिटनेस और खेल क्षमता की गहन जांच की जाएगी। ट्रायल के दौरान यो-यो टेस्ट, शटल रन, 1500 मीटर रनिंग और 40 मीटर स्प्रिंट के साथ-साथ तकनीकी खेल प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।
इन सभी मानकों पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की महिला और पुरुष वर्ग की 12-12 सदस्यीय फाइनल टीम की घोषणा की जाएगी, जो आगामी सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में इस चयन ट्रायल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।



