महिला के पति से बात करती थी छात्रा: कॉल रिकॉर्ड देखकर हुई आग बबूला, बाल खींच-खींचकर पीटा, चेहरे पर गड़ाए नाखून, लोग VIDEO बनाते रहे
मनेंद्रगढ़। MCB जिले के जनकपुर इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने बीच सड़क पर एक स्कूली छात्रा की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला और छात्रा के बीच बीच बाजार में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झूमाझटकी और मारपीट में बदल गई। इस दौरान छात्रा के चेहरे पर नाखूनों के निशान आ गए। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया।
सूचना मिलते ही जनकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को थाने लेकर आई, जबकि छात्रा घटना स्थल से चली गई थी। ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई, लेकिन मौके पर पहुंचने तक छात्रा मौजूद नहीं थी।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति और छात्रा के बीच बातचीत को लेकर नाराज थी। महिला का दावा है कि उसके पति के मोबाइल में छात्रा से बातचीत के कॉल रिकॉर्ड मिले थे। उसने छात्रा को पहले भी समझाया था कि वह उसके पति से बात न करे, लेकिन बात न मानने पर विवाद बढ़ गया और यह घटना हो गई।
महिला ने फिलहाल लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



