ज्वेलरी शॉप में नकाबपोश बदमाशों की गोलीबारी, पिता-पुत्री घायल
धमतरी। जिले के पॉवर हाउस क्षेत्र में स्थित एक आभूषण दुकान में मंगलवार को नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दी। इस हमले में दुकान संचालक और उसकी बेटी घायल हो गए हैं। दोनों को उपचार के लिए डीसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित बरड़िया ज्वेलर्स की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो नकाबपोश बदमाश दुकान में दाखिल हुए और व्यापारी पर फायरिंग कर दी। इस दौरान जब उसकी बेटी बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो उस पर भी गोली चला दी गई। घटना के बाद दोनों घायल अवस्था में गिर पड़े, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी मणिशंकर चंद्रा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात लूट के इरादे से की गई थी, लेकिन असफल रहने पर आरोपियों ने गोली चलाकर भागने की कोशिश की।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया, “घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



