सक्ति। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इससे पहले पुलिस हिरासत से भागने में भी सफल हो गया था, लेकिन लगातार दबिश के बाद पुलिस ने उसे फिर से पकड़ लिया।
मामले की जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तिलक सिंह सोलंकी (31 वर्ष), निवासी केंवटा पाली, जिला महासमुंद ने 6 दिसंबर 2023 को जैजैपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे संजय नगर स्थित एक मकान में “स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड” की शाखा का संचालन कर रहे थे। घटना के दिन सुबह स्टाफ के फील्ड ड्यूटी पर जाने के बाद, कार्यालय में कार्यरत सुरेंद्र पटेल ने तिजोरी से 1,84,101 रुपये चोरी कर फरार हो गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 68/2024 धारा 454, 380 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
नवीन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा द्वारा लंबित मामलों की समीक्षा के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 18 मार्च 2026 को आरोपी सुरेंद्र कुमार पटेल (26 वर्ष), निवासी औंराईकला, को हिरासत में लिया था। हालांकि, 19 मार्च की सुबह आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इस पर उसके खिलाफ एक और मामला (अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 262 बीएनएस) दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए 24 मार्च 2026 को आरोपी को उसके ठिकाने से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा, सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र यादव, आरक्षक मनोज लहरे और अरुण कुमार चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



