करही में 5 ट्रैक्टर जब्त, फिर भी जारी है अवैध रेत का खेल?
सक्ती, 05 अप्रैल 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन भले ही सख्ती का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्राम करही में देर रात की गई कार्रवाई में 5 ट्रैक्टर जब्त किए गए, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि आखिर अवैध रेत का कारोबार लगातार कैसे फल-फूल रहा है।


कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती, तहसीलदार हसौद, तहसीलदार सक्ती और थाना बिर्रा की संयुक्त टीम ने रात करीब 1 बजे छापेमारी कर अवैध रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टरों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए हड़कंप जरूर मचा, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह कारोबार बेरोकटोक जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रात के अंधेरे में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन आम बात हो गई है, जिस पर समय-समय पर कार्रवाई तो होती है, लेकिन स्थायी रोक नहीं लग पा रही है। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि क्या यह कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक सीमित है या वास्तव में अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकेगा।
हालांकि प्रशासन ने मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की बात कही है और सख्त निर्देश भी दिए हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों से प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई अवैध रेत कारोबार पर स्थायी रोक लगा पाती है या फिर कुछ दिनों बाद स्थिति पहले जैसी ही हो जाती है।



