जांजगीर चांपा जिले के स्कूली बच्चों को मिला कंप्यूटर हार्डवेयर का ज्ञान,बेगलेस डे पर हुआ विशेष सत्र
जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, आमानारा (हरदी) में इस शनिवार का बेगलेस डे कुछ खास रहा। इस दिन बच्चों को कंप्यूटर हार्डवेयर की बुनियादी जानकारी दी गई। शिक्षक नरेंद्र राठौर ने छात्रों को कंप्यूटर के आंतरिक भागों को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया और उनकी कार्यप्रणाली समझाई।
कार्यक्रम के दौरान कंप्यूटर के इनपुट-आउटपुट डिवाइसेस, स्टोरेज डिवाइसेस, मदरबोर्ड, रैम, हार्ड डिस्क और एसएमपीएस के कार्यों के बारे में बताया गया। बच्चों को यह भी सिखाया गया कि कंप्यूटर को असेंबल कैसे किया जाता है और इस प्रक्रिया में किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
शिक्षक नरेंद्र राठौर का कहना है:- हमारा उद्देश्य है कि बच्चे तकनीकी रूप से सशक्त बनें और कंप्यूटर के कार्यप्रणाली को गहराई से समझें। आज पहली बार बच्चों ने कंप्यूटर हार्डवेयर को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उसे जोड़ने की प्रक्रिया को सीखा।
इस रोचक सत्र में बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया और कंप्यूटर हार्डवेयर से जुड़ी नई जानकारियां अपनी कॉपी में नोट कीं। बच्चों ने इस क्षेत्र में रुचि भी दिखाई और भविष्य में इससे संबंधित करियर विकल्पों को अपनाने की इच्छा जताई।
छात्र का कहना है कि पहली बार हमने कंप्यूटर को खोलकर उसके अंदर के पार्ट्स को देखा। यह बहुत मजेदार था और हमें बहुत कुछ सीखने को मिला।
तकनीकी शिक्षा की दिशा में स्कूल का यह प्रयास सराहनीय है। बेगलेस डे पर बच्चों को नई और व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने की यह पहल निश्चित रूप से लाभदायक साबित होगी।