स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह का आयोजन जेठा मैदान में
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े करेंगी सक्ती जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण
सक्ती, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर के समीप स्थित जेठा मैदान (कॉलेज ग्राउंड) में गरिमामय वातावरण में किया जाएगा। समारोह में जांजगीर–चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सक्ती जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगी। इसके पश्चात वे मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विष्णु देव साय का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगी।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भव्य परेड, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों, परेड दलों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को गरिमामय, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा।



