राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्ष से सांसद कमलेश जांगड़े की शिष्टाचार भेंट
जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने शुक्रवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से राजभवन में तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर सौजन्य एवं शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों वरिष्ठ नेताओं से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, शैक्षणिक प्रगति, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी साझा की।
सांसद ने क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं एवं विकास की प्राथमिकताओं से भी राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा व्यवस्था तथा आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना उनकी निरंतर प्रतिबद्धता है।
इस शिष्टाचार भेंट को क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



