पचपेड़ी पुलिस का जुआरियों पर प्रहार: दो अलग-अलग फड़ पर जुआ खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार, ₹8,360 नगद जब्त
बिलासपुर। अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पचपेड़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के ग्राम चिस्दा में जुआ खेलते 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से ₹8,360 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लालचंद मोहले के मार्गदर्शन में अवैध जुआ-सट्टा के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जनवरी 2026 को पचपेड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिस्दा के गांधी चौक के पास दो अलग-अलग फड़ लगाकर कुछ लोग ताश पत्ती से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। रेड के दौरान आरोपी ताश पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। तलाशी में जुआ फड़ और जुआरियों के पास से कुल ₹8,360 नगद, 52 पत्ती ताश और बोरी-फट्टी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 17/2026 एवं 18/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।



