सांसद खेल महोत्सव : दूसरे दिन हॉकी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कराते, फेसिंग और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन
जांजगीर-चांपा/राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का आज दूसरा दिन उत्साह और जोश से भरा रहा।
29 से 31 अगस्त तक चलने वाले इस महोत्सव में आज हॉकी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कराते, फुटबॉल और फेसिंग जैसे विविध खेलों की प्रतियोगिताएं हुईं। इसके साथ ही खिलाड़ियों के व्यक्तित्व विकास हेतु खेल विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता और फिटनेस टॉक का भी आयोजन किया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे स्वयं कार्यक्रम में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर ईजी. रवि पांडेय, एसडीएम जांजगीर और जिला खेल अधिकारी श्री सुब्रत प्रधान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में, 31 अगस्त को सुबह साढ़े सात बजे साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा, जो शासकीय हाई स्कूल मैदान से शुरू होकर कचहरी चौक और नेताजी चौक लिंक रोड होते हुए वापस हाई स्कूल मैदान तक निकाली जाएगी। वहीं, चांपा के हसदेव पब्लिक स्कूल में अंडर-19 वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता भी होगी।
इस प्रकार सांसद खेल महोत्सव जिले में खेलों के प्रति जागरूकता और फिटनेस की नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।



