रायपुर जा रहे दो युवकों की बाइक को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा कोमा में
जांजगीर-चांपा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भवंतरा निवासी हरीश कुमार कश्यप और अजित साहू मोटरसाइकिल से रायपुर जा रहे थे। दोनों युवक रायपुर की एक निजी कंपनी में काम करते थे और काम के सिलसिले में यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हरीश कुमार कश्यप के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजित साहू गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवक कोमा में है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।



