16 क्विंटल गांजा, हेरोइन व ब्राउन शुगर सहित लाखों नशीली दवाएं नष्ट; दुर्ग में 239 मामलों का एकसाथ निपटारा
दुर्ग। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में दुर्ग पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जप्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) के तहत दर्ज 239 मामलों में जब्त गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, नशीली दवाइयां और इंजेक्शन को भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नेवई क्षेत्र में नष्ट किया गया। इस कार्रवाई ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्त रणनीति को स्पष्ट कर दिया है।
ड्रग्स डिस्पोजल समिति की बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। उनके नेतृत्व में नष्टिकरण की पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर और सहायक आबकारी आयुक्त सी.आर. साहू भी मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि कुल 1620 किलोग्राम गांजा, 8 किलोग्राम गांजा का पौधा, 277.29 ग्राम हेरोइन, 214.39 ग्राम ब्राउन शुगर, 1,94,856 नशीली टैबलेट और 76,258 कैप्सूल को भिलाई इस्पात संयंत्र परिसर में नष्ट किया गया। वहीं 1,212 सीरप और 1,400 इंजेक्शन को थाना नेवई क्षेत्र में सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। नष्टिकरण प्रक्रिया पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पूरी की गई।
छत्तीसगढ़ पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने हाल ही में राज्यभर में नशीले पदार्थों पर सख्त कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। उसी के तहत दुर्ग जिले में यह कदम उठाया गया। पुलिस का दावा है कि इस अभियान से नशे के नेटवर्क पर गहरी चोट पहुंचेगी और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी।



