सक्ती में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी और 3 हाईवा जब्त
हसौद पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई

जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं खनिज विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। हसौद थाना क्षेत्र के मिरौनी बैराज के पास छापेमारी कर एक चैन माउंटेन मशीन (जेसीबी) और तीन रेत से भरे हाईवा वाहन जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिरौनी बैराज के नीचे महानदी से बिना वैध रॉयल्टी और अभिवहन पास के अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर हाईवा वाहनों से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में हसौद पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।छापेमारी के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहन (CG-11-BV-8492, CG-12-BV-0906 एवं CG-11-BU-0733) रेत से भरे मिले। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों से पूछताछ में धीरज साहू निवासी सरकंडा, बिलासपुर का नाम सामने आया, जिस पर अवैध उत्खनन और परिवहन कराने का आरोप है।पुलिस ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विन्टन साहू, खनिज निरीक्षक एवं पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।



