शादी कार्यक्रम में हुई पहचान तुमसे शादी करूंगा दिया झांसा छात्रा से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल….
रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान भुनेश्वर राठिया (26), निवासी ग्राम चोढ़ा, थाना खरसिया के रूप में हुई है।
मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह 2021 से रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात भुनेश्वर राठिया से हुई और फिर दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई।
आरोपी ने नवंबर 2024 में युवती से प्रेम का नाटक कर शादी का वादा किया और उसके किराये के मकान में आकर शारीरिक संबंध बनाए। जनवरी 2025 तक वह कई बार संबंध बनाता रहा, लेकिन अब शादी से मुकर गया।
पीड़िता की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2025 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। मेडिकल जांच के बाद आज आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हमारी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्ती से काम कर रही है और आगे भी ऐसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, नंद कुमार सारथी और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
ऐसे मामलों में पुलिस की सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि समाज में ऐसे अपराधियों को कड़ा संदेश मिले। अगर किसी के साथ ऐसा अन्याय होता है, तो उसे तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए।


