इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी और विजय की रील ब्लॉक की? कांग्रेस के दावों पर सरकार ने दिया ये जवाब
कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी और अभिनेता-राजनेता विजय की रील और फोटो पोस्ट को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के नियमों के कारण “ब्लॉक” कर दिया है, जबकि सरकारी सूत्रों ने इस आरोप से इनकार किया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सूत्रों ने साफ किया कि इस कार्रवाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है, और इस प्लेटफॉर्म के इंटरनल सिस्टम ने गलती से इस पोस्ट को ब्लॉक कर दिया था।
बता दें कि राहुल गांधी रविवार को चेन्नई में विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए थे और बाद में उन्होंने अभिनेता-राजनेता के साथ कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
X पर एक पोस्ट में, कांग्रेस नेता और राहुल गांधी के सहयोगी श्रीवत्स ने दावा किया कि इंस्टाग्राम ने “आज के शपथ ग्रहण समारोह में गांधी और थलपति विजय की तस्वीरों वाली रील और पोस्ट को ब्लॉक कर दिया है”।
श्रीवत्स के अनुसार, वायरल रील को एक घंटे से भी कम समय में 12 मिलियन व्यूज मिल चुके थे, जबकि वायरल तस्वीर पोस्ट को 46 मिलियन लोग देख चुके थे।
उन्होंने आरोप लगाया, “Meta ने यह नहीं बताया कि उनका अकाउंट क्यों बंद हो गया है। यह ‘गड़बड़ी’ MEITY के नियमों की वजह से है! राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट लंबे समय से बंद हैं। उनकी पहुंच, यूट्यूब व्यूज और इंस्टाग्राम फॉलोअर्स, सब कुछ दबा दिया गया है।”
श्रीवत्स ने आगे कहा कि इस तरह भारत के विपक्षी नेता की आवाज को दबाया जा रहा है।
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, MEITY के सूत्रों ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा यह गलत दावा किया गया है कि विपक्ष के नेता की कुछ पोस्ट मंत्रालय द्वारा प्रतिबंधित की गई हैं।
मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, “यह साफ किया जाता है कि इस कार्रवाई में MeitY की कोई भूमिका नहीं थी। प्लेटफॉर्म के अपने इंटरनल सिस्टम ने गलती से इस पोस्ट को ब्लॉक के लिए चिन्हित कर दिया था, जिसे अब फिर से बहाल कर दिया गया है।”



