जांजगीर-चांपा।
जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान जिले का पहला पुलिस एनकाउंटर हुआ, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया, जबकि गिरोह के कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात पांच अलग-अलग स्थानों पर लूटपाट और जानलेवा हमलों की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं में 13 लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है और एक युवक कोमा में बताया जा रहा है।
लगातार दबिश और घेराबंदी के दौरान आरोपी रामनाथ ने पुलिस टीम पर कट्टे से फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोहे की रॉड, पाइप, डंडा और बेल्ट से सिर पर हमला कर लोगों को गंभीर रूप से घायल करते थे और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, वाहन, मोबाइल फोन और नगद राशि सहित करीब 4 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और अपराधियों की दहशत ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।



