सक्ती जिले में दो स्थानों पर हाथियों का आतंक
सक्ती जिले में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है। जिले के दो गांव बासीनपाट और सोनगुढ़ा में 13-13 हाथियों के दो बड़े झुंड लगातार विचरण कर रहे हैं। इनके आने से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
किसानों की फसलें बर्बाद
हाथियों के खेतों से होते हुए गुजरने के कारण किसानों की धान एवं अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। कई खेतों में फसलें पूरी तरह रौंदी जा चुकी हैं।
वन विभाग कर रहा मुनादी और अपील
ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम लगातार मुनादी कर लोगों से सावधानी बरतने और हाथियों से दूर रहने की अपील कर रही है।
ड्रोन कैमरों से निगरानी
हाथियों की वास्तविक स्थिति और दिशा का पता लगाने के लिए वन विभाग द्वारा ड्रोन कैमरों से निगरानी भी की जा रही है, ताकि समय रहते ग्रामीणों को सतर्क किया जा सके।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द उचित कदम उठाए, ताकि फसलों के नुकसान और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।



