ऐसे कितने घरेलू नुस्खे हैं, जो इतने पॉपुलर हैं कि लोग आंख मूंदकर उन पर विश्वास करते हैं। ऐसा ही एक नुस्खा है, पथरी होने पर बीयर का सेवन। किसी को किडनी स्टोन की समस्या हुई नहीं कि लोग बीयर पीने की सलाह देना शुरू कर देते हैं। गांव से ले कर किसी बड़े शहर तक में आप ये देसी नुस्खा सुन सकते हैं। अब सवाल है कि क्या वाकई बीयर किडनी से पथरी को रिमूव करने में हेल्प करती है या ये महज एक झूठ है? अब बीयर पीने से किसी का भला हो रहा है, ये बात सुनने में अटपटी तो है। इसी कंफ्यूजन को दूर करने के लिए न्यूट्रीशनिस्ट (Nutricop) ने एक वीडियो पोस्ट शेयर की है। आइए जानते हैं इस बारे में उनका क्या कहना है।
आखिर क्या है कन्फ्यूजन का कारण?
लोगों का मानना है कि किडनी स्टोन होने पर अगर कोई नियमित रूप से बीयर पीता है, तो पथरी यूरिन के जरिए शरीर से बाहर निकल जाती है। ये कन्फ्यूजन लोगों में इस वजह से भी है क्योंकि बीयर एक डाइयूरेटिक है, यानी बीयर पीने से ज्यादा पेशाब आता है। हालांकि न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं बीयर डाइयूरेटिक जरूर है लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि इसे पीने से यूरिन के जरिए पथरी फ्लश आउट हो जाएगी। साथ ही, बीयर में पानी के अलावा ऐल्कोहॉल भी मौजूद होता है, जो सेहत को उल्टा नुकसान ही करता है।
क्या बीयर पीने से निकल जाती है पथरी?
अब सवाल है कि क्या वाकई बीयर पीने से पथरी यूरिन के जरिए शरीर से बाहर निकल जाती है? न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि ये महज एक मिथ हैं। बीयर पीने से उल्टा शरीर डिहाइड्रेट होने लगता है, जिससे पथरी बनने के चांस और ज्यादा बढ़ जाते हैं। इसके अलावा बीयर में ऑक्सलेट और प्यूरीन नामक कंपाउंड भी मौजूद होते हैं। प्यूरीन यूरिक एसिड में बदल जाता है। अब जब आप ज्यादा बीयर पीते हैं, तो यही यूरिक एसिड पथरी बन जाता है। यानी कुल मिलाकर कहें तो बीयर पीने से पथरी बाहर नहीं निकलती, उल्टा और ज्यादा बढ़ सकती है।
नेचुरल और सेफ तरीके क्या हैं पथरी को फ्लश करने के?
न्यूट्रीशनिस्ट के अनुसार अगर आपको किडनी स्टोन की समस्या है तो रोजाना ढाई से तीन लीटर सादा पानी जरूर पीएं। इससे यूरिन ज्यादा पास होगा। इसके अलावा अपनी डाइट में सोडियम की मात्रा कम कर दें। ज्यादा नमक खाने से यूरिन में कैल्शियम की मात्रा बढ़ सकती है। जबकि आपको कैल्शियम से भरपूर चीजों का सेवन थोड़ा कंट्रोल करना चाहिए। इसके अलावा पालक, चॉकलेट, नट्स जैसी चीजें; जिनमें ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है, उनका सेवन भी कम से कम कर देना चाहिए। आप अपनी डाइट में सिट्रिक एसिड वाली चीजें जैसे नींबू जरूर शामिल करें, ये स्टोन बनने के प्रॉसेस को रोकने में मदद करते हैं।



