झलमला तिराहे पर सरकार के खिलाफ हल्लाबोल, कांग्रेस ने किया चक्काजाम, NH-930 घंटों रहा जाम…
बालोद जिला में सरकार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 930 पर स्थित झलमला तिराहे में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने चक्काजाम कर दिया, जिससे बालोद से दुर्ग, भिलाई, रायपुर और धमतरी की ओर जाने वाला हाइवे घंटों तक बाधित रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों को अन्नदाता कहने के बजाय चोर की तरह ट्रीट कर रहा है और उनके घरों में लगातार छापेमारी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धान खरीदी में बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं और खनिज न्यास फंड का दुरुपयोग किया जा रहा है।

कांग्रेस ने पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाया। नेताओं का कहना था कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, पहाड़ों की खुदाई और खनन कार्यों को बढ़ावा देकर सरकार जनता और प्रकृति दोनों की अनदेखी कर रही है। उनका आरोप है कि उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए पर्यावरणीय संतुलन से समझौता किया जा रहा है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत ने कहा कि किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जनता की आवाज नहीं सुनी, तो विरोध और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में कांग्रेस नेताओं ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय और खनिज न्यास फंड के दुरुपयोग पर रोक नहीं लगी, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।



