सूने मकान में चोरों का धावा, सोने–चांदी के जेवरात व नकदी पार, सीसीटीवी में कैद हुए चोर…
कोरबा से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया खरमोरा में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने सोने–चांदी के जेवरात सहित करीब 60 हजार रुपये की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ओम सोनी, जो बसंल फ्लाई ऐश फैक्ट्री खरमोरा में रात्रि चौकीदारी का काम करते हैं, ने बताया कि वे 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। 26 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे लौटने पर देखा कि मेन गेट का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन दरवाजे का कब्जा तोड़कर चोर घर के अंदर घुस चुके थे। चोरों ने दीवान में रखे एक सोने का कान का टॉप्स, एक चांदी की पायल और नकदी चोरी कर ली।
पास की फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में करीब पांच संदिग्ध चोर रात करीब 1:54 बजे घर में घुसते हुए नजर आए हैं। पीड़ित का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है।
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस कोरबा ने शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि इलाके में नशेड़ी और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की मौजूदगी के कारण वारदातें बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



