छत्तीसगढ़ की सीनियर नेटबॉल टीम घोषित, टीम ओपन नेशनल में करेगी राज्य का प्रतिनिधि
43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2025–26 के लिए छत्तीसगढ़ की सीनियर पुरुष व महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। कड़े चयन मापदंडों के आधार पर प्रदेश भर से 12 पुरुष और 12 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह चैंपियनशिप 11 से 14 जनवरी 2026 तक गचीबोली, हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित होगी।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने बताया कि चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रदर्शन-आधारित रही। इसके पहले 15वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्कूल में किया गया था, जिसमें पुरुष वर्ग की 16 और महिला वर्ग की 12 टीमों ने भाग लिया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद चयन समिति ने कैंप के लिए 15 पुरुष और 16 महिला खिलाड़ियों का चयन किया। इन खिलाड़ियों का चयन शिविर 21 दिसंबर से 7 जनवरी तक जांजगीर के खोखरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। 8 जनवरी को अंतिम चयन ट्रायल हुआ, जिसमें खिलाड़ियों की खेल क्षमता के साथ-साथ फिटनेस टेस्ट, यो-यो टेस्ट, 1500 मीटर और 40 मीटर दौड़ के आधार पर अंतिम 12–12 खिलाड़ियों की टीम तय की गई।
9 जनवरी की सुबह जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदत्त ट्रैकसूट छत्तीसगढ़ की महिला एवं पुरुष टीम को वितरित किए। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पांडे, सीनियर अधिवक्ता एवं नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष राजेश पांडे, आलोक शुक्ला, खेल एवं युवा कल्याण विभाग जांजगीर से एस.एस. बघेल, खेल प्रशिक्षक अशोक राठौर, फिजियोथैरेपिस्ट प्रतीक यादव तथा नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव राजेश राठौर उपस्थित रहे।
पुरुष वर्ग की टीम के कोच राजेश राठौर नियुक्त किए गए हैं। सपोर्टिंग स्टाफ में एस. मोहन राव और मनीष वर्मा शामिल हैं।
महिला वर्ग की टीम के कोच इमरान खान होंगे, जबकि सपोर्टिंग स्टाफ में पूजा कश्यप और अनूप यादव रहेंगे।
दोनों टीमें 10 जनवरी की सुबह हैदराबाद के चरलापल्ली के लिए रवाना होंगी।
छत्तीसगढ़ नेटबॉल संघ ने विश्वास जताया है कि कड़ी तैयारी और अनुशासित चयन प्रक्रिया के दम पर राज्य की टीम नेशनल मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।



