Cg News:- भीषण सड़क हादसा आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, तीन की मौके पर मौत…
कांकेर | छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतेसरा गांव के पास सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार में आ रहे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर चारों तरफ मलबा फैल गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम शुरू किया, ताकि यातायात बहाल किया जा सके।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस हिस्से को लेकर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है



