अंधे कत्ल का पर्दाफाश:- आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार,यह थी हत्या करने का कारण…..
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में रविवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय फागुलाल राठिया के रूप में हुई। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को लैलूंगा पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया, और हत्या में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को मृतक की साइकिल और कुछ दूरी पर टूटी हुई कांच की चूड़ियां मिलीं, जिससे जांच की दिशा तय हुई।
गांव के कार्तिक राम राठिया ने पुलिस को बताया कि रविवार रात एक सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में आयोजित बैठक में फागुलाल भी शामिल था। बैठक के बाद वह गांव के रोहित कोरवा के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पत्नी पंचमी कोरवा के साथ मिलकर फागुलाल की हत्या करना कबूल किया।
आरोपियों ने बताया कि घटना की रात फागुलाल उनके घर आया था। नशे में होने के कारण उसने अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी, और इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे समझाने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं माना तो दोनों ने मिलकर उसे भेड़ीमुडा मार्ग तक खींच लिया, जहां उन्होंने उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर बड़े पत्थर से उसके सिर और शरीर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और अन्य अहम सबूत जब्त किए। दोनों आरोपी रोहित कोरवा (19 वर्ष) और पंचमी कोरवा (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस जघन्य हत्याकांड को सुलझाने में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा और अन्य पुलिस कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना की।