जांजगीर चांपा जिले में त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो गए हैं। अकलतरा जनपद पंचायत में भाजपा ने दोहरी जीत हासिल की है।
अकलतरा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित अन्नू शकुन देव अघरिया और बागी प्रत्याशी सुष्मिता समित सिंह के बीच मुकाबला हुआ। कुल 23 सदस्यों में से अन्नू अघरिया को 14 वोट मिले। सुष्मिता सिंह 9 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा का कब्जा रहा। भाजपा समर्थित कमलेश पाटले ने 14 वोट हासिल किए। उनकी प्रतिद्वंद्वी मालती कश्यप को 9 वोट मिले।
बम्हनिडीह जनपद पंचायत में भी भाजपा की जीत हुई। यहां भाजपा की मनीषा चौहान ने इंद्रावती संतराम प्रधान को 12 वोटों के अंतर से हराया। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार उत्तरा सनत सिदार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
उल्लेखनीय है कि जिले में 3 मार्च को 334 ग्राम पंचायतों में सरपंच और उप सरपंच ने शपथ ली थी। अकलतरा में जीत के बाद भाजपा समर्थकों ने बैंड-बाजे के साथ जश्न मनाया और विजय रैली निकाली।