12 घंटे में बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद; स्मृतिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दुर्ग। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 25 F 3015 भी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पेंड्री तराई निवासी हेमचंद महिलांग (53 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। बाद में लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 956/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही मोह. असलम उर्फ शिबू (28 वर्ष), निवासी उल्लासनगर, अयप्पा नगर, स्मृतिनगर से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके कब्जे से करीब 20 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, लॉकिंग सिस्टम का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी सहित सभी प्रकार के अपराधों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



