किसानों को बड़ी राहत: एकीकृत किसान पोर्टल पर विवरण संशोधन की समय-सीमा 7 जनवरी 2026 तक बढ़ी
छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसानों के विवरण संशोधन की समय-सीमा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब किसान 07 जनवरी 2026 तक अपने पंजीयन विवरण में आवश्यक सुधार कर सकेंगे। इस फैसले से जिले सहित पूरे प्रदेश के हजारों किसानों को बड़ी राहत मिली है।
शासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कैरी फारवर्ड, डुबान क्षेत्र के किसान एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन का प्रावधान पहले 15 दिसंबर 2025 तक समिति लॉगिन में उपलब्ध था। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कई किसानों के विवरण में त्रुटियां बनी हुई थीं, जिससे उन्हें धान खरीदी, कृषि योजनाओं और अन्य शासकीय लाभों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों की सुविधा के लिए एकीकृत किसान पोर्टल में “विवरण संशोधन” का विकल्प पुनः खोलने का निर्णय लिया है। अब समस्त सेवा सहकारी समितियों के समिति लॉगिन में यह सुविधा 07 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
किसान भाई इस अवधि के भीतर अपनी संबंधित सेवा सहकारी समिति के समिति प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं और अपने पंजीयन विवरण जैसे—नाम, रकबा, खाता, भूमि संबंधी जानकारी, कैरी फारवर्ड स्थिति, डुबान अथवा वन पट्टा विवरण आदि में आवश्यक सुधार करवा सकते हैं। शासन का स्पष्ट निर्देश है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि भविष्य में किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस बढ़ी हुई समय-सीमा का पूरा लाभ उठाएं और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र ही अपने विवरणों की जांच कर संशोधन करवा लें। इससे उन्हें धान खरीदी, किसान सम्मान निधि, बीमा योजना और अन्य कृषि हितैषी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना अड़चन के मिल सकेगा।
उप संचालक कृषि, जिला जांजगीर–चांपा ने बताया कि यह निर्णय किसानों के हित में लिया गया है और सभी सहकारी समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसानों को संशोधन कार्य में पूरा सहयोग प्रदान करें।



