सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, जन सुनवाई के दौरान शख्स ने मारा थप्पड़, की हाथापाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज एक शख्स ने अचानक से हमला कर दिया. दरअसल रेखा गुप्ता आज अपने कैंप ऑफिस पर जनसुनवाई कर रही थी, तभी उन पर यह हमला हुआ. इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई. पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है और पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी तक हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है.
पता चला है कि सीएम आवास पर बुधवार सुबह जनसुनवाई चल रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति आया, जोर से चिल्लाया, उन्हें थप्पड़ मारा और गाली-गलौज करने लगा. सीएम रेखा गुप्ता के साथ गंभीर रूप से हाथापाई हुई है. यह उनकी सरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा की. वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि वह भी सीएम आवास जा रहे हैं. मुख्यमंत्री की मेडिकल जांच के लिए डॉक्टर बुलाए गए हैं, जिसके बाद स्पष्ट हो पाएगा कि उन्हें कितनी चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि हमलावर किसी कोर्ट केस का जिक्र कर रहा था. पुलिस हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.



