कबीर साहब पर आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप, कबीर पंथ समाज ने एफआईआर की मांग की
कबीर पंथ समाज ने सोशल मीडिया पर संत कबीर साहब के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और पोस्ट किए जाने के मामले में कड़ी नाराजगी जताई है। समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समाज के प्रतिनिधियों द्वारा प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कल्कि प्रभुनारायण परमार निवासी ग्राम बामोरा, जिला उज्जैन (मध्यप्रदेश) ने सोशल मीडिया पर विश्ववंदनीय सदगुरु कबीर साहब के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है।
कबीर पंथ समाज का कहना है कि उक्त पोस्ट से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की सामग्री समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने का कार्य करती है।
समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कबीर पंथ समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर शिकायत प्रस्तुत कर दी गई है और समाज के लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।



