जुआ खेलते एल्डरमैन और प्रिंसिपल समेत 6 आरोपी गिरफ्तार,बाराद्वार से आकर कोरबा में पिकनिक की आड़ में खेल रहे थे जुआ,
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़गांव में पुलिस ने जुआ खेलते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बाराद्वार क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिकनिक मनाने की आड़ में कोरबा जिले में जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से नगदी और ताश के पत्ते जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना उरगा में दर्ज दस्तावेज के अनुसार यह कार्रवाई 14:20 बजे ग्राम पहाड़गांव में की गई। शासन की ओर से उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 641/2026 पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर पिता महावीर उम्र 46 वर्ष, शशिकांत दुबे पिता आरएन दुबे उम्र 56 वर्ष, ज्योतिष वैष्णव पिता बलराम उम्र 51 वर्ष, रविंद्र खाण्डे पिता त्रिभुवन उम्र 26 वर्ष, दीपक कुमार बंसल पिता बबलू मिश्रा उम्र 26 वर्ष और आशुतोष राय पिता राम इकबाल उम्र 33 वर्ष शामिल हैं। सभी बाराद्वार निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी कब्जे से 11 हजार लगभग नगदी,मोबइल,जब्त किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार रविंद्र खाण्डे बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन है और जिला युवा मोर्चा में पदाधिकारी भी है। वहीं आरोपियों में शामिल शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और शिक्षक के जुआ खेलते पकड़े जाने से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पसान थाना पुलिस ने भी जुआ खेलते हुए एक सरपंच और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया था। जिले में लगातार जनप्रतिनिधि और शिक्षक वर्ग के लोग जुआ खेलते पकड़े जा रहे हैं, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल उरगा पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



