पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी पर संकट, किसानों का पंजीयन अधूरा: आशुतोष गोपाल
29 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी हर जिले में कलेक्टर के माध्यम से कृषि मंत्री को सौंपेगी ज्ञापन, पटवारियों की मांगों और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब राजस्व व्यवस्था के साथ किसानों पर भी पड़ने लगा है। आम आदमी पार्टी ने हड़ताल के कारण धान खरीदी की तैयारियों और किसानों के पंजीयन को लेकर चिंता जताई है। पार्टी ने किसानों की समस्याओं और पटवारियों की मांगों को लेकर 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है।
पटवारियों की मांगों के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी..
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल से प्रदेश की राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्टी के अनुसार, पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप में तकनीकी खामियों, लंबित वेतन विसंगति, पदोन्नति और पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन जारी है।
पार्टी ने कहा कि हड़ताल का असर किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है। धान खरीदी के लिए जरूरी प्रक्रियाओं में देरी होने से किसानों की परेशानियां बढ़ने की आशंका है।
29 अक्टूबर को जिलास्तरीय ज्ञापन सौंपेगी पार्टी…
आम आदमी पार्टी 29 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के प्रत्येक जिले में कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर पटवारियों की मांगों और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने राज्य सरकार से अपील की है कि राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाने और धान खरीदी की तैयारियों को प्रभावित होने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।



