*हिरमी अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट पहुंचेगी जिला कांग्रेस कमेटी की टीम, हादसे की करेगी जांच*
*16 सितंबर को क्रशर/कन्वेयर हादसे में हुई थी मनोज साहू की मौत, मजदूरों से भी करेगी चर्चा*
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक के अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट हिरमी में 16 सितंबर 2026 को क्रशर/कन्वेयर में हुए हादसे में स्वर्गीय मनोज साहू की मौत के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार, 14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचेगा। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा धृतलहरे के नेतृत्व में पहुंचने वाली टीम दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाएगी।
प्रतिनिधिमंडल प्लांट में घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वहां कार्यरत मजदूरों एवं कर्मचारियों से मुलाकात करेगा। इस दौरान हादसे की परिस्थितियों, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना से संबंधित परिस्थितियों को समझना तथा मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना है। औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर ऐसे हादसे कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
*मजदूरों की सुरक्षा सर्वोपरि*
कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल मौके पर उपलब्ध तथ्यों एवं मजदूरों से चर्चा के आधार पर घटना से संबंधित जानकारी जुटाएगा।



