हाथीटिकरा में विद्युत विभाग की जांच में सामने आया मामला, बिजली अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के दो अलग-अलग मामलों में नैला चौकी में एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों मामले ग्राम हाथीटिकरा के हैं। विभागीय जांच के दौरान मीटर और विद्युत लाइन में छेड़छाड़ कर कथित रूप से अवैध बिजली उपयोग किए जाने की बात सामने आई। दोनों मामलों में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की गई है।
स्मार्ट मीटर से कनेक्शन कटने के बाद डायरेक्ट हुकिंग का आरोप
पहले मामले में हाथीटिकरा निवासी लक्ष्मीनारायण पटेल के घरेलू विद्युत कनेक्शन की जांच की गई। विभाग के अनुसार, बिजली बिल बकाया होने के कारण स्मार्ट मीटर से ऑनलाइन कनेक्शन काट दिया गया था। जांच के दौरान मीटर में छेड़छाड़ कर डायरेक्ट हुकिंग के जरिए बिजली का उपयोग किया जाना पाया गया।
विभाग के अनुसार, मौके पर 2568 वाट का विद्युत भार दर्ज किया गया। विभागीय दस्तावेजों में 2 लाख 28 हजार 710 रुपए की बकाया राशि बताई गई है। मामले में विभागीय अधिकारी नरेश कुमार देवांगन की शिकायत पर नैला चौकी में एफआईआर दर्ज कराई गई।
दूसरे मामले में 530 वाट का भार मिला
दूसरे मामले में ग्राम हाथीटिकरा निवासी रामजी पटेल के विद्युत कनेक्शन की जांच की गई। विभाग के मुताबिक, मीटर और विद्युत लाइन में छेड़छाड़ कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान 530 वाट का विद्युत भार पाया गया। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, इस कनेक्शन पर 33 हजार 760 रुपए की बकाया राशि दर्ज है।
विद्युत विभाग की शिकायत पर नैला चौकी में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चौकी प्रभारी ने दी जानकारी
नैला चौकी प्रभारी दिलीप वैष्णव ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारी बिजली चोरी से संबंधित दस्तावेज लेकर चौकी पहुंचे थे। दस्तावेजों के आधार पर दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



