मारपीट कर गले से चांदी की चेन लूटने का आरोप, 42 ग्राम की चेन बरामद
Cg newsजांजगीर-चांपा। पुलिस चौकी नैला क्षेत्र में मारपीट कर चांदी की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 42 ग्राम वजन की चांदी की चेन, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ (19 वर्ष), पिता छतराम कश्यप, निवासी नैला वार्ड क्रमांक 04 है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है।
पुरानी बात को लेकर विवाद, मारपीट के बाद चेन लूटने का आरोप
प्रार्थी रामप्रकाश यादव, निवासी नैला वार्ड क्रमांक 05 ने चौकी नैला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:20 बजे मनीष कश्यप ने उसे मोबाइल से फोन कर सुल्तान नगर स्थित ईश्वरी यादव के घर के पास बुलाया था।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी वहां पहुंचकर मनीष से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ पीछे से पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और बेल्ट से मारपीट करने लगा।
आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी के गले में पहनी चांदी की चेन बलपूर्वक लूट ली और मौके से फरार हो गया।
जूना तालाब के पास पकड़ा गया आरोपी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी नैला में अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत धारा 309(6), 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क, सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा चौकी नैला प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जूना तालाब के पास से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई 42 ग्राम चांदी की चेन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



