सिमगा में साहू समाज का जोरदार धरना, 5 दिन में कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
बलौदाबाजार। थाना सिमगा क्षेत्र के लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में साहू समाज ने मंगलवार को थाना परिसर में जोरदार धरना दिया। बड़ी संख्या में समाजजन, पीड़ित परिवार और ग्रामीण धरने में शामिल हुए। धरना रात करीब 10 बजे तक चला।
धरने में भाटापारा विधायक इंद्र साव भी पीड़ित परिवारों और साहू समाज के साथ मौजूद रहे। उन्होंने थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे से लंबित मामलों में कार्रवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। वहीं एसडीओपी तारेस साहू ने मामलों में कार्रवाई के लिए पांच दिन का समय मांगा।
जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू ने चेतावनी दी कि पांच दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो साहू समाज उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि समाज का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना है।
चार माह से लंबित हैं आवेदन
साहू समाज के अनुसार, संबंधित मामलों में थाना सिमगा में आवेदन दिए हुए चार माह से अधिक समय बीत चुका है। एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर पीड़ित परिवारों और समाज में नाराजगी है।
महिला ने लगाया मारपीट और अभद्रता का आरोप
ग्राम चंदियापथरा निवासी रीना साहू ने आरोप लगाया कि 22 अप्रैल की रात धनराज गिधौड़े अपने भाई ईश्वर गिधौड़े के साथ फावड़ा लेकर उसके घर में घुसा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला ने कपड़े फाड़कर बेइज्जत करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, पड़ोसियों के पहुंचने के बाद उसे बचाया गया।
सामाजिक बहिष्कार और धमकी का आरोप
दूसरे मामले में हीरालाल साहू ने ओम सेठिया पर सामाजिक बहिष्कार और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने करीब 70 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कही।
पुलिस ने कहा—उच्च अधिकारियों के स्तर पर जांच
थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे ने बताया कि दोनों मामलों की जांच उच्च अधिकारियों के स्तर पर की जा रही है। उनके अनुसार, जांच उच्च अधिकारियों के स्तर पर होने के कारण फिलहाल उनके स्तर से एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती।
धरने में जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू, विधायक इंद्र साव सहित साहू समाज के विभिन्न पदाधिकारी, ग्रामीण अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।



