कन्हाईबंद कोल डिपो पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: शारदा मां लॉजिस्टिक्स को नोटिस, 15 दिन में मांगा जवाब
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कन्हाईबंद में संचालित मेसर्स शारदा मां लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के कोल डिपो पर प्रशासन ने गंभीर अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में अनुज्ञप्ति क्षेत्र से अधिक भूमि में संचालन, सुरक्षा मानकों की कमी, अभिलेखों का संधारण नहीं करने और कथित अवैध निर्माण सहित कई अनियमितताएं सामने आई हैं।
जारी नोटिस के अनुसार फर्म को 1.503 हेक्टेयर क्षेत्र में एक समय में 80 हजार मीट्रिक टन कोयले के अस्थायी भंडारण की अनुज्ञप्ति दी गई है। लेकिन जांच में फर्म द्वारा करीब 1.948 हेक्टेयर यानी 4.80 एकड़ क्षेत्र में कोल डिपो संचालित किए जाने की बात सामने आई है। इसे अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन बताया गया है।
जांच में भंडारण क्षेत्र की तार फेंसिंग या ईंट की दीवार से घेराबंदी नहीं होना, कोयले की प्राप्ति और भेजी गई मात्रा का निर्धारित रजिस्टर में विवरण नहीं मिलना तथा मासिक विवरणी प्रस्तुत नहीं करने जैसी कमियां भी पाई गईं। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन यंत्र और श्रमिकों के लिए आवश्यक सुरक्षा किट की व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
प्रशासनिक जांच में पर्याप्त वृक्षारोपण नहीं होना और प्रदूषित पानी का उचित उपचार किए बिना नाले में प्रवाहित किए जाने की बात भी सामने आई है। नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के अनुसार संबंधित भूमि पर विकास अनुज्ञा के लिए आवेदन किए बिना निर्माण कर व्यावसायिक कोयला भंडारण का संचालन किया जा रहा था, जिस पर विभाग ने भी आपत्ति दर्ज की है।
वहीं रेलवे की ओर से भी दस्तावेजों में रेलवे अंडरब्रिज को सही तरीके से प्रदर्शित नहीं किए जाने और दस्तावेजों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है। कलेक्टर ने फर्म को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर नियमों के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



