नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने संभाला सक्ती जिले का पदभार
कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह कार्य के निर्देश
सक्ती, 24 अगस्त 2026। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सोमवार को जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट जेठा, सक्ती पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। वे सक्ती जिले की तीसरी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्रीमती जैन ने कलेक्ट्रेट में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सौजन्य भेंट कर परिचय प्राप्त किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की मंशानुरूप आमजन के हित में त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैकरा सहित कलेक्टर कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने नवपदस्थ कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि श्रीमती जयश्री जैन इससे पूर्व संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ थीं।
पहले दिन ही कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यालयीन उपस्थिति की जानकारी लेते हुए सभी को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति और तय समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
कलेक्टर ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शीघ्र राहत प्रदान करना जिला प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।



