देवरघटा मिशन स्कूल में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
हसौद। देवरघटा स्थित संत अल्फोंसा विद्यालय में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हसौद थाना प्रभारी विल्टन साहू ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या एटीएम संबंधी जानकारी साझा न करें। अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। थाना प्रभारी ने कहा कि सरकार की ओर से कोई भी व्यक्ति फोन पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करता। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में पीएलवी भगवती भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं को विधिक सेवा अधिनियम 1987 के उद्देश्य एवं महत्व, निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक के सुरक्षित उपयोग के साथ नालसा द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम, डान योजना एवं मध्यस्थता अभियान-3.0 के संबंध में भी जानकारी साझा की।
इस दौरान उपस्थित लोगों को नालसा हेल्पलाइन 15100, बाल हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और महिला हेल्पलाइन 1091 की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्कता, जिम्मेदारी और सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।



