विश्व फोटोग्राफी दिवस पर जांजगीर-चांपा में फोटोग्राफरों का सम्मान
जांजगीर-चांपा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर जिला फोटोग्राफर वीडियोग्राफर वेलफेयर सोसाइटी, जांजगीर-चांपा-शक्ति की ओर से 19 अगस्त को होटल ड्रीम प्वाइंट, जांजगीर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन द्वारा पिछले कई वर्षों से विश्व फोटोग्राफी दिवस को “फोटोग्राफर सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ फोटोग्राफरों का सम्मान करने के साथ ही परिवार गौरव पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं जरूरतमंद फोटोग्राफर साथियों को आकस्मिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। संगठन की ओर से बताया गया कि फोटोग्राफरों को नई तकनीक और आधुनिक उपकरणों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं सेमिनार आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान ग्राहक और फोटोग्राफर के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों एवं मनमुटाव को संगठन के पदाधिकारियों द्वारा आपसी समझाइश और सूझबूझ से सुलझाने की जानकारी भी दी गई। इससे संगठन की एकजुटता और फोटोग्राफर हित में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने जिले में जल्द ही “फोटो फेयर” आयोजित करने का सुझाव दिया। इस घोषणा से जिले के फोटोग्राफरों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विशेषज्ञों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से फोटोग्राफरों को नई तकनीक, आधुनिक कैमरा उपकरण और फोटोग्राफी के क्षेत्र में हो रहे बदलावों की जानकारी मिलने के साथ व्यवसायिक अवसर भी बढ़ेंगे।
संगठन ने कहा कि एकजुट होकर काम करने से कौशल में वृद्धि, आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। यही संगठन का मुख्य उद्देश्य और विजन है। जिला संगठन पिछले कई वर्षों से फोटोग्राफरों के हित में लगातार कार्य कर रहा है, जिसे जिले के फोटोग्राफरों एवं व्यापारियों द्वारा सराहा जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पदाधिकारियों, सदस्यों एवं जिलेभर के फोटोग्राफरों के सहयोग के लिए संगठन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



